Friday, February 23, 2024

Poem on Valentines day

 मोहब्बत की राह https://www.zorbabooks.com/spotlight/archanasingh601gmail-com/poem/%e0%a4%ae%e0%a5%8b%e0%a4%b9%e0%a4%ac%e0%a5%8d%e0%a4%ac%e0%a4%a4-%e0%a4%95%e0%a5%80-%e0%a4%b0%e0%a4%be%e0%a4%b9/

Tuesday, January 23, 2024

दिल्ली की सर्दी

दिल्ली दिल वालों की है जनाब, चाहे कोहरे बिछे हों राह 

सड़क किनारे टिक्की-चाट,कुल्फी आइसक्रीम लेकर हाथ।

शीतल पवन तन-मन को छूती, सर्दी का कराती है एहसास 

बच्चे,जवान, बूढ़े को फिर भी दिल्ली की सर्दी आती रास।

रह-रहकर दिल्ली-सर्दी,शिमला-नैनीताल की याद दिलाती 

युवाजन फैशन के वशीभूत जैसे, सर्दी उनको छू कहाँ पाती?

पर, गरीब बेचारे दो वक्त-रोटी के मारे सर्दी उन्हें नहीं सुहाती,

तन ढकने को वस्त्र नहीं, क्षुधा अग्नि भी ठंड से कहाँ बचाती?

दिल्ली की सर्दी में पशु-पक्षी-मानव शीत लहर की मार खाते

गरीब,बेघर,बेचारे दाल रोटी, चादर कंबल को तरसते हैं सारे। 

सर्दी अब रहम कर जीव-जन्तु संग मानव भी होगी आभारी।

कोहरे-धुंध में रो रही मजबूर-असहाय-गरीब जनता बेचारी।


मंगल गीत गाओ

गाओ री मंगल गीत सखि,                                                    आया राम महोत्सव, ढ़ोल-मंजीरे लाओ री सखि।                          जय राम,श्री राम में रम जाओ री सखि।                      

सरयू तट पर हुई भीड़ भारी,धन्य हुई है अयोध्या सारी,
ईंट-ईंट राम के हैं आभारी, झूम रहे बच्चे, बूढ़े, नर-नारी,
माटी-माटी से आवाज आई, बस 'राम नाम है सुखदाई।'

भूमि पूजन,पुष्प,तिलक,अब प्राण प्रतिष्ठा की घड़ी है आई।
राम नाम ही है सत्य साईं, रोम-रोम में राम समायी,
दो अक्षर में जग रमायी,परम आनंद इस नाम में भाई।

भक्ति रस में डूबी नगरी सारी,राम लला की छवि लागे प्यारी।
धरती अंबर में है गुंजायमान,अंर्तमन में रम गए सियाराम।
राम आदि-अनंत है साईं, हनुमान सी भक्ति हिय है जागी।
प्रभु को कर जीवन समर्पित, प्रसन्न चित होंगे अवध बिहारी।

गाओ री मंगल गीत सखि,                                                    आया राम महोत्सव, ढ़ोल-मंजीरे लाओ री सखि।                          जय राम,श्री राम में रम जाओ री सखि।     


* अर्चना सिंह जया,गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश 
22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर। 


Wednesday, June 21, 2023

जिंदगी

क्या-क्या खेल दिखाती है जिंदगी
बहुत कुछ हमें सिखा जाती है जिंदगी।
जाने अनजाने में बहुत कुछ कह जाती है जिंदगी।
एक लम्बे सफर पर ले जाती है जिंदगी 
कई उतार-चढ़ाव भी लाती है जिंदगी।
कुछ कड़वे,कुछ मीठे पल लाती है जिंदगी।
कभी रुलाती तो कभी हँसाती भी है,
रिश्तों की अहमियत भी समझाती है जिंदगी।
जिंदगी का कोई भरोसा नहीं, 
पलभर में करवट बदलती है इसका एतबार नहीं।
सारी होशियारी धरी ही रह जाती है,
जब सुनामी संग सुंदर लम्हें ले जाती है जिंदगी।
आज को कल में बदल देती है जिंदगी,
यथार्थ को अतीत बना देती है जिंदगी।
वक्त रहते उधड़े जख्मों को सी ले,
कहीं नासूर बन निगल ना जाए ये जिंदगी।
पल-पल से लम्हों को चुराना सीख ले,
रेत सी फिसल जाए,उससे पहले जीना सीख ले ।
हरपल को उत्सव-उमंग से जी लो वरना,
पल-पल को यादों में, क्षण में ही बदल देगी जिंदगी।
घर-घर की रौनक चहल-पहल है जिंदगी,
ना जाने कब साँसों को तस्वीर में बदल दे जिंदगी।



Friday, September 23, 2022

उम्मीद की लौ

जीवन में हो अंधकार घना, तो उम्मीद की लौ जला लेना

निराशा के तम को कभी ना, दिल का कोई कोना देना।

आशा-उम्मीद के दीपक से कठिन राह जगमग कर लेना,

हिय में छुपाए आत्मविश्वास को बोझिल ना होने देना।

किसी रोते को हँसाकर भी,अपना मन हल्का कर लेना,

जुगनू से सीख गहन अंधेरे में भी कैसे है चलते रहना।

जिंदगी के सुहाने सफर में, धूप-छाँव से ना फिर डरना।

बाहर के अंधकार से पूर्व, मन के तिमिर को दूर करना।

ज्ञान की मशाल जलाए चल, कर रौशन जग का कोना

अज्ञान के तम को मिटा, मानवजन को जागृत करना।

जीवन में हो अंधकार घना, तो उम्मीद की लौ जला लेना।





Tuesday, August 30, 2022

न्याय की गुहार

ये मशाल बुझ न जाए,
दिलों में उठते सवाल थम ना जाए।
निर्भया की अन्तरात्मा को 
किया तार-तार जिसने,कानून के बंधन से
कहीं वो मुक्त ना हो जाए।
वेदनाओं को झेल कर,जीवन गंवाने वाली वो।
सम्पूर्ण ओजस्विता के साथ,
न्योछावर कर दिए जिसने प्राण।
कभी तेजाब तो कभी अग्नि में क्यों झोंकी गई, 
लड़की होना क्या है घोर अपराध ?
जो जैसे चाहे वैसे रौंदकर मुस्काए कहीं।
कब रुकेगा अपराध यह पूछतीं हैं बेटियाँ
जीवन छीन लेने का कठोर दंड दो,
न्याय की गुहार लगा रही थाम मशाल,
दरिंदगी की हद पार कर गए,
बांधने हैं हमें उनके हाथ।
कानून भी नहीं सशक्त यहां,
किस बंधन से बांधे इनके हाथ।
दर्द का एहसास जो करना चाहो,
निर्भया को अपने घर की बेटी मानो।
पिंजरे में बंद कर दो अपराधियों को
स्वच्छंद लेने दो सांस समाज को।
क्यों भयभीत हो बेटियां यहां, 
घर-घर पूजनीय हैं जब वो,
दुर्गा, लक्ष्मी- सरस्वती रूप में जहां।
भ्रूण हत्या, बलात्कार, हत्या
जैसे कई जघन्य अपराध से, 
कब मुक्त हो पाएगा हमारा समाज?
सम्मान की हकदार हैं घर-घर की बेटियाँ।
बेटियों से घर,आंगन,धरा है सजती
परिवार, समाज, राष्ट्र हित योगदान दे रहीं
फिर भी सम्मान की भीख माँगती, 
उठो जागो हे मानव! सर्वनाश का है आगाज़।
इनका हमें सदा रखना है मान, 
 सही मायने में दें हम मानवता का प्रमाण। 





Sunday, May 8, 2022

मां

 मां ऐसी होती है।

अपने अश्रु को छुपा,

सदा मुस्कान बिखेरती है।

अपने सपनों को दफना कर

बच्चों को स्वप्न पर देती है।

मां ऐसी होती है।

अपनी थाली को परे रख

बच्चों को भोजन परोसती है।

अपनी नींद से हो बेपरवाह

बच्चों को लोरी-थपक्की देती है।

मां ऐसी होती है।

हाथों के छाले को ढंक कर,

चाव से रोटी सेंका करती है।

स्वयं के भावों को छुपा

बच्चों के जीवन में रंग भरती है।

मां ऐसी होती है।

बिस्तर गीला गर हो मध्य रात्रि

सूखे नर्म बिस्तर हमें देती है।

तेज़ तपते हुए ज्वर में

पानी की पट्टी रख सिरहाने होती है।

मां ऐसी होती है।

जाने कैसे वह बिन कहे

मन के भाव सदा पढ़ लेती है।

गर अंधियारा छाये जीवन में

थाम हाथ राह रौशन करती है।

मां ऐसी होती है।

कभी सख्त मन से डांट लगा 

खुद भी रोया करती है।

कभी नीम सी कड़वी तो

कभी शहद सी मीठी बातें करती है।

मां ऐसी होती है।

मां धरती सी,कोमल पुष्प सी

चंदन बन महका करती है।

हिय विशाल है उसका जहां

ममता,स्नेह,प्रेम,दया,क्षमा समेटे रखती है।


* अर्चना सिंह जया,गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश 

मां ऐसी होती है।