Monday, January 13, 2020

उत्सव,उल्लास है लाया कविता

उत्सव, उल्लास है लाया [ कविता ]

 पर्व ,उत्सव है सदा मन को भाता
 ‘खेती पर्व’ संग उल्लास है लाता।
 कृषकों का मन पुलकित हो गाया,
 ‘‘खेतों में हरियाली आई,
 पीली सरसों देखो लहराई।
 खरीफ फसल पकने को आयी,
 सबके दिलों में है खुशियाॅं छाई ।’’
 नववर्ष का देख हो गया आगमन,
 पंजाब,हरियाणा,केरल,बंगाल,असम।
 पवित्र स्नान कर, देव को नमन
 अग्नि में कर समर्पित,नए अन्न।
 चहुॅंदिश पर्व की हुई हलचल।
 लोहड़ी मना गिद्दा-भांगड़ा कर।
 पैला, बीहू, सरहुल, ओणम, पोंगल
 एक दूसरे के रंग में रंगता चल।
 अभिन्न अंग हैं ये सब जीवन के,
 तिल के लड्ड़ू , चिवड़ा-गुड़ खाकर
 बैसाखी, संक्रांत का पर्व मनाकर।
 पतंगों की डोर ले थाम हाथ में
 बादलों को चल आएॅं छूकर ।
 रीति-रिवाज ,संस्कृति जोड़ कर
 प्रेम, एकता, सद्भावना जगा कर।
 दिलों को दिलों से जोड़ने आया,
 त्योहार अपने संग उल्लास है लाया।  
         
               ------------- अर्चना सिंह‘जया’

Saturday, January 11, 2020

10 JAN विश्व हिंदी दिवस की शुभकामनाएँ।

                 हिंदी हैं हम

देवनागरी लिपि है हम सब का अभिमान,
हिन्दी भाषी का आगे बढ़कर करो सम्मान। 
बंद दीवारों में ही न करना इस पर विचार,
घर द्वार से बाहर भी कायम करने दो अधिकार।

कोकिला-सी मधुर है, मिश्री-सी हिन्दी बोली,
उत्तर दक्षिण पूरब पश्चिम सबकी हमजोली।
भिन्नता में भी है, यह एकता दर्शाती,
लाखों करोंड़ों भारतीय दिलों में है,जगह बनाती। 

दोहा, कविता, कहानी, उपन्यास, छंद,
हिन्दी भाषी कर लो अपनी आवाज बुलंद। 
स्वर-व्यंजन की सुंदर यह वर्णशाला,
सुर संगम-सी मनोरम होती वर्णमाला। 

निराला, दिनकर, गुप्त, पंत, सुमन,
जिनसे महका है, हिन्दी का शोभित चमन। 
आओ तुम करो समर्पित अपना तन मन, 
सींचो बगिया, चहक उठे हिन्दी से अपना वतन। 

                                                                                                             ----- अर्चना सिंह जया
                                          [ 12 सितम्बर 2009 राष्ट्रीय सहारा ‘जेन-एक्स’ में प्रकाशित ]

Wednesday, January 1, 2020

नव वर्ष का स्वागत

क्या छोड़ चलें,
क्या साथ ले चलें
गत वर्ष से कुछ
मीठी यादें समेंट चलें।
प्रेम,स्नेह,मुस्कान की
 थाल सजाकर ,
नव वर्ष आगंतुक का
 चल स्वागत करें ।
नव संकल्प लें औ
 कुविचार त्याग चलें
रिश्तों के संग सुनहरे
 सपने पिरो चलें ।
निराशा को आशा में
तबदील कर चलें।
जीवन गुलिस्ताँ
पुषपों से महका चलें।

Monday, December 2, 2019

निर्भया

निर्भय हो निर्भया, नहीं साँस ले पाई जहाँ
क्या बात करें उस शहर,गाँव,गली की।
आज प्रियंका, कल फिर कोई अनामिका
अस्तित्व जिसका हो जाएगा तार-तार।
सह रही है वर्षों से घर-बाहर तिरस्कार,
कब तक चुप बैठे और सहे अत्याचार?
बोलने दो बहन- बेटियों को आज,अभी
वरना 'काली' बन करेगी दुष्टों का संहार।
बेटियाँ ही हैं क्यों संस्कारों की ठेकेदार,
बेटों को भी क्यों नहीं देते हैं संस्कार?
हर गली चौराहे पर है खड़ा दुःशासन
लाज बचाए कैसे ,वह असहाय बेचारी।
चार या दस वर्ष, या हो चालिस की नारी
कुदृष्टि से बचे कैसे, जहाँ हैं कई दुराचारी।
बालिकाओं पर ही है क्यों अंगुँली उठती
क्या बालक हैं यहाँ सारे ही सदाचारी?
सहजता,धैर्य, शालीनता का सबक त्याग
बुलंद करनी होगी ,हमें अब अपनी आवाज़।
मानवता व समाज की लेकर जिम्मेदारी
अब बेटी-बहू बनेगी, न्याय की अधिकारी।


Thursday, November 14, 2019

सुहाना बचपन


 😊🎈🎶🎉🍭🎉
मुट्ठी खोल,समेट लो बचपन
कहीं खो न जाए अलहड़पन।
चंचल ,चंदन सा चितवन
मासूम होता है बाल मन।
आज और कल याद रहे सदा,
हमारा, तुम्हारा, सबका बालपन।
आज का दिन, खुशियाँ है लाया
'बाल दिवस' हमने भी है मनाया।
गुब्बारे,टाफी,बिस्किट मन भाया
जीवन में बचपन को अपनाया ।
गीत, संगीत और कोलाहल से
हमने आज व्यवहार है सजाया।
अपने बच्चों संग बच्चा बन,
घर बाहर यूँ है धूम मचाया।
सुहाना बचपन जैसे लौटकर
आज हमारे आँगन हो आया।
🎈🎉🎶🍭😊



Saturday, November 9, 2019

मंथन

अयोध्या की भूमि का
होने को है मंथन आज।
उच्च विचारों से प्राप्त
होने को है प्रेम बंधन साज़।
राम रहीम सब एक हैं
ईश खुदा का करो अभिनंदन।
वाद विवाद में क्या रखा है?
मानवता का दो परिचय आज।
लहू दोनों का लाल ही है
फिर कैसा है वाद विवाद?
आसमाँ भूमि के बीच
बिखेरो हवा में प्रेम संवाद।
सभी ने माना हिंदुस्तान के
दोनों ही हैं सरताज।
विश्व को संदेश है देना
धर्म जाति से भी है ऊपर
मानवता का श्रेष्ठ भाव।
कायम रहे दोनों के मध्य
सदा स्नेह प्रेम का साथ।







गांधीगिरी पर कहानी


 Gandhigiri 😊💐
Stories Only in100 words

 एक शाम मेरी नज़र झुग्गी के बेबस महिला पर पड़ी जिसका पति उसे मार रहा था। मैं बचाव करने पहुँची, और लोग भी एकत्रित हो गए । मैंने उसके पति से पूछा कि किस कारण इसे मार रहे हो । महिला ने कहा, मैडम ये मेरे बच्ची को पढ़ने जाने नहीं देना चाहता है, फीस के पैसे से जुआ खेलता है। फिर मैंने डाँट लगाते हुए कहा कि थाने में मैं तुम्हारी शिकायत दर्ज करा दूँगी। मैंने मोबाइल में उसकी तस्वीर ली, ताकि पति के मन में डर घर कर जाए। उसने पैर पकड़ लिए और माफी माँगी। वहीं खड़ी सहेली ने हँसते हुए कहा, वाह! तुम्हारी गाँधीगिरी तो चल पड़ी।
..................😊.................

बस में बैठे युवक ने केले के छिलके को बस से बाहर फेंका। वहीं बारह वर्ष के एक बालक ने उस छिलके को उठा लिया। बस वाले युवक ने बाहर निकल कर फिर एक छिलके को नीचे गिरा दिया। उस बालक ने फिर से उठाया। नवयुवक ने स्टाप पर मेरे बगल में स्थान ग्रहण करने से पूर्व उस बालक को एक केला खाने को दिया, बालक ने केले को छीलकर उस युवक के करीब फेंक दिया और खाने लगा। युवक ने क्रोध में कहा कि यहाँ क्यों फेंक रहे हो, कूड़ेदान में क्यों नहीं डालते? तभी मैं तपाक् से बोल पड़ी कि फिर आपने नीचे क्यों फेंका? सर्वप्रथम खुद को बदलिए, महाशय।