Wednesday, August 22, 2018

मानव की मानवता। (कविता)

         मानव की मानवता

  मानव ने है मानवता त्यागी,
  कुदरत ने भी जताई नाराज़गी।
  ना समझ स्वयं को बलशाली,
  तुझ पर भी पड़ेगा कोई भारी।
  प्रकृति का आदर ना करके,
  तू खुद को सोचता महाज्ञानी।
  गर होती बुद्धि विवेक जरा-सी,
  ना करता फिर ऐसी नादानी।
  मेरे तन-मन को तूने भेदा,
  उदारता को कमज़ोरी समझा।
  विवश किया क्रोधित होने को,
  धैर्य के बॉंध को पड़ा त्यागना।
  बहुत सोच विचार कर मैंने
  सबक सिखाने का निर्णय लिया।
  देख जल तांडव अब तू मेरा,
  आफ़त की बारिश का है घेरा।
  जल प्रलय का रुप धारण कर,
  ढाह रही हूॅं अब घर तेरा।
  हाहाकार मच जाएगा देख अब,
  त्राहि-त्राहि कर उठेगी धरा तब।
  तब भी सचेत न तुम हो पाओगे,     
  दूषित करने का तूने है ठाना,
  प्रदूषित किया मेरे मन का कोना।
  क्या वसुधा का जतन कर पाएगा ?
  उधड़ा स्वाभिमान लौटा पाएगा ।
  कैसे यकीन करुॅं हे मानव !
  वर्षों लग गए बस समझाने में।
  दानव से मानव का सफ़र तय कर,
  दानव हावी है आज भी मानव पर।
                 
                                   -------  अर्चना सिंह जया

Friday, August 17, 2018

विचारों के अटल। कविता

जो आदर्श में अटल रहें,
विचारों में प्रबल रहें।
धर्म जाति से परे वे ,
मानवता अविरल रहे।
विस्तृत विचार व उदार
भाव की धारा सरल रही।
आकर्षक व्यक्तित्व व
प्रभावशाली था शब्दकोष ।
आशा से अतीत वे
सत्यपथ पर अग्रसर रहे।
यशस्वी व अनुयायी रहें
अहिंसा के सदा ही।
कृतार्थ हुए अटल जी से,
तटस्थ रहे जीवन में सदा ही।
विचारों में बहुदर्शिता,
सहिष्णुता, निर्मलता,निस्पृह
वाजपेयी जी की छवि यहाँ।
कुशाग्र,धर्मनिष्ठ,नीतिज्ञ
दृढ़निश्चय सा महान।
समदर्शी,कुशल राजनीतिज्ञ
भारत रत्न वे अमर रहें।
अटल सा ना कोई हुआ,
अद्वितीय है व्यक्तित्व जिसका
चाँद-सूरज सा वे चमकें यूँ,
वतन को जिस पर अभिमान रहे।

.......अर्चना सिंह जया
अटल जी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि💐

Monday, August 6, 2018


www.matrubharti.com/ebites


Friendship Story - आत्मग्लानि 

If you like my story , pls like,comment and share it.
   Thank You.           
 Archana Singh Jaya

Sunday, August 5, 2018

मित्रता ( कविता )

मित्रता (कविता )

                 
पावन है यह रिश्ता मानो
महत्वत्ता जो इसकी पहचानो।
लहू के रंग से बढ़कर जानो
मित्रता धन अनमोल है मानो।
बीज मित्रता का तुम बोकर,
भूल न जाना प्रिय सहचर।
प्रतिपल अपने स्नेह से सींचना
बेल वृद्धि हो इसकी निरंतर।
मित्रता का पौधा पनपकर
छाया देता यह प्रतिपल।
रेशम की डोर सी कच्ची
शाख है होती इस तरुवर की।
प्रेम, सहयोग,सहनशक्ति से
सींचना ये लता, जीवन उपवन की।
दर्पण सा होता मित्रता का आईना
मित्र हीे हरते पीर मन की।
अपना अक्स नज़र है आता
हमारी पहचान जब होती इनसे।
मित्र बिन जीवन लगता सूना
हरियाली तन-मन की इनसे।
मित्रता सदा उसका ही पनपता
हुकूमत करने की जो न सोचता।
प्रेम की डोर में सदा पिरोकर
रखता सहजता से गले लगाकर।
अच्छी सौबत में सदा ही रहना
ऊॅंच-नीच ना मन में रखना।
कुुसंगति से सदा ही बचना,
चयन मित्र की परख कर करना।
सुख-दुःख का भागीदार है बनना
राम -सुग्रीव ,जैसे कृष्ण संग थे सुदामा।
मित्रता का उचित संदेश देकर
बुद्धिविवेक का परिचय यूँ ही देना।
मित्रता हो सूर्य चॉंद सी पक्की
प्रकाश-शीतलता देकर अपनी।
मंद न होने दे, खुशियॉं जीवन की
वट-सा विशाल हो मित्रता अपनी।
           
                ...................अर्चना सिंह जया

Tuesday, July 10, 2018

कहर में जिंदगी ( कविता )


कहर में ज़िंंदगी

जल कहर में फंसी ज़िंंदगी ,
कुदरत के आगे बेबस हो रहे
बच्चे, बूढ़े व जवान सभी।
इंसान के मध्य तो शत्रुता देखी,
पर यह कैसी दुश्मनी ठनी?
मानव व कुदरत के बीच,
बिन हथियार के जंग है छिड़ी।
संयम का बांँध तोड़ नदी-जलधि,
सैलाब में हमें डुबोने निकली।
यह जलजला देख प्रकृति का,
नर-नारी,पशु-पक्षी भयभीत हैं सभी।
प्रतिवर्ष मौन हो बुद्धिजीवी,
देखा करते तबाही का मंज़र यूँ ही।
मगरमच्छ आँसू व सहानुभूति,
दिखा भ्रमित करती सरकार यूँ ही।
न जाने कब सचेत होंगे हम?
और उभर पाएँगे विनाश बवंडर से।
आपदा की स्थिति से वाकिफ़ सभी,
किंतु सजग व तत्पर होते हम नहीं।
कुदरत के संग जीना तो दूर,
उसे सहेजना भी गए हम भूल।
उसी की आँगन में खड़े,
उसके बर्चस्व को ललकारने लगे।
शिक्षा व ज्ञान किताबों में बंद रख,
मानवता से परे दफ़न हो रही जिंदगी।
                   -----  अर्चना सिंह जया

Wednesday, June 20, 2018

योग से प्रारम्भ कर प्रथम पहर..(.कविता)

योग से प्रारम्भ कर प्रथम पहर (कविता)

 योग को शामिल कर जीवन में
 स्वस्थ शरीर की कामना कर।
 जीने की कला छुपी है इसमें,
 चित प्रसन्न होता है योग कर। 
 घर ,पाठशाला या दफ्तर हो चाहे
 योग से प्रारम्भ कर प्रथम पहर।
      शिशु, युवा या वृद्ध हो चाहे
      योग ज्ञान दो, हर गॉंव-शहर।
      तन-मन को स्वस्थ रखकर
      बुद्धिविवेक है विस्तृत करना।
      इंद्रियों को बलिष्ठ बनाने को
      योग से प्रारम्भ कर प्रथम पहर।
विज्ञान के ही मार्ग पर चलकर
योग-साधना अब हमें है करना।
आन्तरिक शक्ति को विकसित करता,
योग की सीढ़ी जो संयम से चढ़ता।
ईश्वर का मार्ग आएगा नज़र,जो
योग से प्रारम्भ कर प्रथम पहर।
     दर्शन, नियम, धर्म से श्रेष्ठ  
     योग रहा सदा हमारे देश।
     आठों अंग जो अपना लो इसके
     सदा रहो स्वस्थ योग के बल पे।
     जोड़ समाधि का समन्वय कर
     योग से प्रारम्भ कर प्रथम पहर।

                                                                                          21 june   अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर
                                                                                                    - अर्चना सिंह 'जया' 

Sunday, June 17, 2018

पिता से नाता ( कविता )

पिता का साया सदा है भाता,
हमारी फिक्र से है उनका नाता।
कभी फटकार तो कभी स्नेह,
उनकी अंगुली को थामकर
चलना सीखा, हँसना सीखा।
हमारे मार्गदर्शक रहे सदा ही,
उनकी बगिया की, हम फुलवारी।
महकना सीखा,चहकना सीखा
हमारी फिक्र से है उनका नाता।
दुःख के बादल से परे रख,
उज्ज्वल भविष्य की करें प्रार्थना
माँ अन्नपूर्णा तो पिता ब्रह्मा,
अच्छी  सेहत  उनको देना दाता।
बिना इनके राह नहीं सुहाता,
दोनों ही हैं हमारे विधाता।
हमारी फिक्र से है उनका नाता।
पिता का साथ सदा ही भाता।

                .......अर्चना सिंह जया